नई दिल्ली, 23 जनवरी। नई दिल्ली के राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में इस बार आकाशवाणी की भी झांकी शामिल होगी, जिसमें प्रधानमंत्री के बहुर्चिचत मासिक कार्यक्रम मन की बात को दर्शाया जाएगा। आकाशवाणी इस परेड में पहली बार हिस्सा ले रही है। उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुचर्चित कार्यक्रम ‘मन की बात’ को अपनी थीम बनाया है।
आकाशवाणी हर माह आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव को झांकी के माध्यम से दर्शाया दर्शाएगी। आकाशवाणी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झांकी में आजादी के बाद विभाजन की विभीषिका से जूझ रहे देश में भड़के सांप्रदायिक दंगों के समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के रेडियो पर प्रसारित संदेश से लेकर ‘मन की बात’ में मोदी के संदेश राजपथ पर सुनाई देंगे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एन मारिनमयी ने बताया कि राजपथ पर इस साल विभिन्न राज्यों और केन्द्रीय विभागों की कुल 23 झांकियों के माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की जाएगी। इनमें से 14 झांकियां विभिन्न राज्यों की होंगी। शेष झांकियां विभिन्न मंत्रालयों और संबद्ध एजेंसियों की होंगी। आकाशवाणी के एक अधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस की झांकी की थीम में मन की बात को शामिल करने का विचार पिछले साल मई में स्वीकार किया गया था।
आकाशवाणी की झांकी के बाद विदेश मंत्रालय की दो झांकियों में भारत के आसियान देशों के साथ संबंधों को दर्शाया जाएगा। इसके बाद राज्यों की झांकी पेश की जाएगी। इनमें मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, छत्तीसगढ़, केरल, असम, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और गुजरात शामिल हैं।
गुजरात की झांकी में साबरमती आश्रम की गतिविधियों और दांडी मार्च पर निकल रहे गांधी जी के भित्तचित्र को दर्शाया जाएगा। इनके अलावा अर्धसैन्य बलों की झांकियों में भारत तिब्बत सीमा पुलिस की झांकी भी राजपथ से गुजरेगी। अंत में मंत्रालयों की झांकियों का दीदार किया जा सकेगा। इनमें युवा एवं आदिवासी मामलों के मंत्रालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, आयकर निदेशालय और सबसे आखिर में केन्द्रीय लोकनिर्माण विभाग की झांकी गुजरेगी।






