वॉशिंगटन, 31 मार्च। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल 2018 को ‘राष्ट्रीय यौन उत्पीड़न जागरूकता और रोकथाम माह’ घोषित किया है। उन्होंने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब अमेरिका में इस मुद्दे पर राष्ट्रीय बहस जारी है और खुद ट्रंप पर भी यौन दुराचार के आरोप लगे हैं।
व्हाइट हाउस द्वारा ट्रंप की ओर से जारी घोषणा में कहा गया है, यह दुखद है कि हमारे समाज में यौन उत्पीड़न के अपराध अब भी हो रहे हैं और अपराधी जवाबदेही से बच जाते हैं। इस तरह के जघन्य अपराध सार्वजनिक जगहों और कार्यस्थलों पर हो रहे हैं और आम तौर पर उत्पीड़न के शिकार खामोश रह जाते हैं। हो सकता है कि पीड़ितों को आरोपियों का डर लगता हो या फिर उनका भरोसा न्याय व्यवस्था में कम हो या इस तरह के अनुभव से उबरने में परेशानी होती हो।
बयान में कहा गया है, हमारा प्रशासन यौन उत्पीड़न के बारे में जागरूकता फैलाने और पीड़ितों को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि दोषियों को जिम्मेदार ठहराया जा सके। बता दें कि ट्रंप पर अब तक कम से कम 20 महिलाओं ने सार्वजनिक तौर से आरोप लगाए हैं कि उन्होंने राष्ट्रपति बनने से पहले उनका यौन उत्पीड़न किया था। इसका व्हाइट हाउस ने खंडन करते हुए कहा था कि ये महिलाएं झूठ बोल रही हैं।







