अमेरिका ने मिल्ली मुस्लिम लीग को आतंकी संगठन घोषित किया
हाफिज ने कहा- ऐसा करके अमेरिका ने उनकी पार्टी की विश्वसनीयता को प्रमाणित कर दिया
इस्लामाबाद,08 अप्रैल। मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने जमात उद दावा की पार्टी ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ को विदेशी आतंकी संगठन घोषित करने के अमेरिकी फैसले की खिल्ली उड़ाई है। हाफिज का कहना है कि ऐसा करके अमेरिका ने उनकी पार्टी की विश्वसनीयता को प्रमाणित कर दिया है।
हाफिज की राजनीतिक पारी पर रोक लगाने के लिए अमेरिका ने ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ (एमएमएल) को आतंकी संगठन घोषित किया है। ये कदम ऐसे वक्त में उठाया गया है, जब पाकिस्तान में एमएमएल को एक राजनीतिक दल के रूप में मान्यता देने की कवायद चल रही थी। ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ को अमेरिका की ओर से आतंकी संगठन घोषित करने के बाद अब हाफिज के सामने अपनी पार्टी को पाकिस्तान चुनाव आयोग से रजिस्टर करने में दिक्कत आ सकती है। पाकिस्तान में इसी साल आम चुनाव होने हैं।
शुक्रवार को एक रैली में हाफिज ने कहा कि अमेरिका ने जिस पार्टी को आतंकी संगठन घोषित किया है वो दरअसल, प्रमाणित पार्टी है। अमेरिका ने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि वह जानता है कि मिल्ली मुस्लिम लीग से उसकी दोस्ती नहीं हो सकती। इस दौरान मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज ने कश्मीर का राग भी अलापा और लोगों को इसके लिए उकसाया।
शुक्रवार को हाफिज ने इस्लामाबाद और कराची के कई इलाकों में रैली की। हाफिज ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी का जिक्र भी किया। उसने कहा कि पाक के पीएम को अपना पूरा कार्यकाल ‘कश्मीर मुद्दे’ के लिए समर्पित कर देना चाहिए। ऐसा करने पर अमेरिका बेशक आपका नाम वफादारों की सूची से हटा देगा, लेकिन ये आपके सम्मान का मसला है।







