नई दिल्ली, 07 अप्रैल। फेसबुक, अपने उपयोगकर्ताओं का भरोसा तोड़ने को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बीच कुछ लोगों ने शिकायत की है कि फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की ओर से उन्हें प्राप्त संदेश उनके इनबॉक्स से गायब हो गए हैं। लोगों के इनबॉक्स में मार्क जुकरबर्ग या अन्य अधिकारियों की ओर से आए संदेशों को हटा दिया गया है।
वेबसाइट ने कहा कि तीन सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है जुकरबर्ग से प्राप्त पुराने संदेश उनके इनबॉक्स से गायब हो गए हैं, जबकि उस संदेश पर उन्होंने जो कुछ लिखा वह मौजूद है। पता चलता है कि जुकरबर्ग द्वारा लोगों को भेजे गए संदेश अब उनके चैट लॉग्स और फेसबुक के डॉउनलोड योर इंफॉर्मेशन टूल से प्राप्त होनी वाली फाइल में मौजूद नहीं हैं।
वेबसाइट ने कहा कि फेसबुक ने इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई का फैसला कॉरपोरेट सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘2014 में सोनी पिक्चर्स का ई-मेल हैक होने के बाद हमने अपने अधिकारियों के संचार को सुरक्षित रखने के लिए कई बदलाव किए हैं। जिसमें मार्क के संदेशों के बने रहने की अवधि निर्धारित करना भी शामिल है।







