लखनऊ, 14 जून। मनकामेश्वर वार्ड अन्तर्गत सामुदायिक केन्द्र, डालीगंज में गुरूवार को उत्तर विधानसभा विधायक डा. नीरज बोरा की उपस्थिति में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 300 आवेदन प्राप्त हुये। जिसमें लगभग 100 आवेदन पत्रों का स्थल पर ही निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा स्टॉल लगाया गया व अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जानकारी भी क्षेत्रीय लोगों को दी। शिविर में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, राशन कार्ड, पेंशन एवं आयुष्मान योजना से सम्बन्धित समस्याओं का निराकरण एवं नई समस्याओं का पंजीकरण भी मौजूद जिला प्रशासन अधिकारियों द्वारा किया गया।
समाधान शिविर में मौजूद विधायक डा. नीरज बोरा ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनी एवं कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि आप लोग शिविर में जाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी लें तथा उसका लाभ उठायें।
समाधान शिविर में सबसे अधिक समस्याएं पेंशन से संबंधित देखने को मिली। वाल्मीकि कालोनी निवासी आशा देवी ने विधायक डा. नीरज बोरा से गुहार लगायी की पेंशन के लिये मैंने कई बार आवेदन किया लेकिन आज तक पेंशन नहीं प्राप्त हुयी। इस पर डा.बोरा ने पेंशन निर्गत करने में आ रही समस्याओं को दूर करने और योजना का लाभ नियमित करने के लिये मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं कई लोगों ने राशन कार्ड न होने की शिकायत डा. बोरा से की। डा. बोरा ने मौजूद अधिकारियों से इनकी समस्या को दूर करने के लिये आदेशित किया। मौजूद विभागीय अधिकारियों ने शिविर में ही लोगों को राशन कार्ड दिलाने हेतु फार्म भरवाए एवं बताया कि जल्द ही सभी लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध हो जायेगा।
शिविर में मुख्य रूप से क्षेत्रीय पार्षद रेखा रोशनी, पूर्व पार्षद रणजीत सिंह, डा.एस.बी.सिंह, लालजी तिवारी, विष्णु तिवारी, लवकुश त्रिवेदी, अवधेश कुमार, अवधेश त्रिपाठी, कृपाशंकर मिश्र एवं जिला प्रशासन अधिकारियों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।







