श्री श्याम निशानोत्सव एवं खाटू धाम यात्रा 2019
लखनऊ, 07 मार्च 2019: श्री श्याम ज्योत मण्डल द्वारा लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए मण्डल के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी तथा अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का दो दिवसीय भजन संकीर्तन का शुभारम्भ दिनांक 9 मार्च एवं 10 मार्च को महाराजा अग्रसेन पार्क, तिलकनगर निकट ऐशबाग ओवरब्रिज, लखनऊ में किया जायेगा। इस कार्यक्रम में बाबा श्याम के भजन संर्कीतन व श्याम निशान की पूजा अर्चना की जायेगी।
मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि इस मण्डल द्वारा बाबा का उत्सव बहुत ही प्रेम व हर्षोल्लास से मनाया जायेगा। इस वर्ष बाबा श्याम का दरबार सम्भवतः हिन्दुस्तान में पहली बार 70 फिट ऊँचा विराट महल स्वरूपा होगा। इसकी चैड़ाई लगभग 72 फिट होगी। पूरा दरबार राजस्थानी महल जैसा स्वर्ण व रत्न, जवाहरातों से जड़ित जैसा प्रतीत होगा, जिसकी तैयारी विगत एक माह से कोलकाता के कारीगरों द्वारा की जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मण्डल के संरक्षकगण व समितिगण द्वारा 9 मार्च को अपरान्ह 4 बजे पूजन कार्यक्रम से किया जायेगा। तत्पश्चात बाबा की अलौकिक ज्योत प्रज्जवलित की जायेगी इसके बाद आरती के साथ प्रभु की वन्दना लखनऊ के विख्यात राजश्री म्युजिकल ग्रुप द्वारा मण्डल के सदस्यों द्वारा की जायेगी। इसके पश्चात कोलकाता के श्री संजय शर्मा द्वारा भजन प्रस्तुत किये जायेंगे तत्पश्चात कोलकाता के ही श्री सौरभ शर्मा एवं श्याम जगत में विख्यात शुभम् रूपम् द्वारा बाबा के भजनों की गंगा प्रवाहित होगी।







