अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर काकोरी में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान, 80 लड़कियों और महिलाओं ने निकाली रैली
लखनऊ। बाल विवाह पर रोक, बेटियों की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया ने काकोरी ब्लॉक के दसदोई स्थित पंचायत भवन में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान जागरूकता रैली निकालकर लोगों से बेटियों की पढ़ाई जारी रखने और उन्हें अपने भविष्य के फैसले लेने का अवसर देने की अपील की गई।
बालिकाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए :
कार्यक्रम में थाना काकोरी एवं मिशन शक्ति के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित चौधरी ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में वे मदद मांग सकें। सामाजिक कार्यकर्ता शिवानी और शशि ने कहा कि कम उम्र में या दबाव में शादी होने से लड़कियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता प्रभावित होती है।
इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया के निदेशक अमित ने बाल विवाह रोकने के लिए परिवार, समाज और संबंधित संस्थाओं से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। वहीं, रानी और शालिनी ने बालिकाओं की इच्छाओं का सम्मान करने और निर्णय लेने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अभियान में करीब 80 लड़कियों और महिलाओं ने हिस्सा लेकर “बाल विवाह समाप्त करें, बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें” का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, समानता और सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।







