अमेरिका ने नेपाल सरकार से देश में उत्तर कोरियाई लोगों को ज्यादा तवज्जो नहीं देने के लिए कहा
नई दिल्ली, 16 जून 2019: नेपाल में उत्तर कोरियाई लोगों की बढ़ती गतिविधियों के बीच प्योंगयांग के लिए विशेष अमेरिकी दूत मार्क लैम्बर्ट ने हिमालयी देश की सरकार और राजनेताओं से देश में उत्तर कोरियाई लोगों को ज्यादा तवज्जो नहीं देने के लिए कहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स ‘‘द हिमालयन टाइम्स’ के मुताबिक, नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा पर आए लैम्बर्ट ने सांसदों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) के सह-अध्यक्ष पुष्प कमल दहल से शुक्रवार को यहां यह अपील की।
उन्होंने नेपाल में उत्तर कोरियाई लोगों की बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बारे में चिंता व्यक्तकी। लैम्बर्ट से मुलाकात करने वाले एक सांसद ने बताया, उन्होंने यह भी आशंका व्यक्तकी है कि उत्तर कोरियाई लोग साइबर अपराधों के लिए नेपाल का इस्तेमाल अड्डे के रूप में कर रहे होंगे।
इन बैठकों के दौरान लैम्बर्ट का संदेश स्पष्ट था कि संयुक्तराष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगा रखे हैं और एक सदस्य देश के रूप में नेपाल को इस फैसले का सम्मान करना चाहिए। उत्तर कोरिया द्वारा संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन करते हुए परमाणु हथियार विकसित करना शुरू करने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। ये प्रतिबंध, दूसरों के बीच, संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों को उत्तर कोरिया के नागरिकों की मेजबानी करने से रोकते हैं।







