कुलपति ने भी कोराना से बचाव के उपाय का किया निरीक्षण, कई विद्यार्थी पहने रहे मास्क
लखनऊ, 16 मार्च 2020: कोरोना के भय के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय व उसके आनुषंगिक कालेजों में परिक्षाएं सोमवार से शुरू हो गयी। इस बीच परीक्षा हाल में प्रवेश करने से पूर्व कोरोना से बचाव के सारे एहतियात बरते गये। सभी परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों, कक्ष निरीक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को हॉल में प्रवेश के पूर्व सैनिटाइजर, टिश्यू पेपर्स दिए गए। साथ ही, हर कक्ष की साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा गया।

इस बीच लखनऊ विश्वविद्यालय में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं प्रारम्भ हुई। सुबह के सत्र में विश्वविद्यालय परिसर में कुल 122 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित थे और मात्र एक विद्यार्थी अनुपस्थित था। सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलकर 2013 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित थे। शाम के सत्र में बिना किसी अनुपस्थिति के साथ 171 विद्यार्थी विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा में उपस्थित थे और समस्त सम्बद्ध महाविद्यालयों में केवल तीन अनुपस्थितियों के साथ 944 विद्यार्थी उपस्थित थे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो आलोक कुमार राय, कुलानुशासक प्रो दिनेश कुमार, महाविद्यालय विकास परिषद की डीन डॉ मधुरिमा लाल और कुलसचिव डॉ विनोद कुमार सिंह खुद परीक्षा केंद्रों में की गई सावधानियों की जांच करते नज़र आये।
कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने कुलानुशाशक प्रो. दिनेश कुमार के साथ शिया पीजी कॉलेज, करामत हुसैन पीजी कॉलेज, महिला पीजी कॉलेज, आई टी कॉलेज, विद्यांत पीजी कॉलेज, कालीचरण पीजी कॉलेज और अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया। इधर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने खुनखुन जी पीजी कॉलेज, नारी शिक्षा निकेतन कॉलेज, जेजेएन पी जी कॉलेज और बीएसएनवी कॉलेज और सीडीसी डीन डॉ. मधुरिमा लाल लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज पहुंचे और सारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।







