लखनऊ, 19 दिसम्बर 2020: तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड ‘क्वान्टा-2020’ के दूसरे दिन आज ब्राजील, जर्मनी, जार्डन, बांग्लादेश, रूस एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों के प्रतिभागी छात्रों ने मैथमेटिक्स एवं मेन्टल एबिलिटी क्विज प्रतियोगिता में अपने ज्ञान-विज्ञान का जोरदार प्रदर्शन किया। इस बार यह 24वीं बार क्वान्टा इण्टरनेशनल का आयोजन किया जा रहा है।
क्वान्टा इण्टरनेशनल के अन्तर्गत जूम एप पर आनलाइन सजीव आयोजित मैथमेटिक्स एवं मेन्टल एबिलिटी प्रतियोगिता के फाइनल राउण्ड में आज देश-विदेश के छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। यह प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रथम लिखित राउण्ड के विजेता छात्र टीम को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर फाइनल राउण्ड में अपने ज्ञान-विज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। प्रत्येक टीम में दो छात्र शामिल थे जिन्होंने पूछे गये सवालों के जवाब में बिजली की तेजी से उत्तर देकर अपने ज्ञान का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता का संचालन सुश्री शिवानी तिवारी ने किया। क्वान्टा-2020 की सचिव व सी.एम.एस. चौक कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती अदिति शर्मा ने बताया कि ‘क्वान्टा-2020’ के अन्तर्गत कल 20 दिसम्बर को सायं 5.00 बजे साइन्स क्विज का जूम एप पर आनलाइन सजीव आयोजन किया जायेगा, जिसमें देश-विदेश की 23 छात्र टीमें अपना प्रदर्शन करेंगी।







