अस्पताल की चारदीवारी से निकलकर लखनऊ की विरासत से रूबरू, डबल डेकर बस में खिली मुस्कान, मनोबल बढ़ाने वाला भावुक टूर

लखनऊ : विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) से ठीक एक दिन पहले उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने संवेदना की एक अनोखी मिसाल पेश की। उपचार के कठिन दौर से जूझ रहे 30 कैंसर मरीजों को डबल डेकर इलेक्ट्रिक ‘लखनऊ दर्शन’ बस में विशेष शहर भ्रमण कराया गया। दोपहर 12 से 3 बजे तक चला यह टूर नियमित सेवाओं से अलग था, जिसमें मरीजों के साथ डॉक्टर और स्टाफ भी शामिल थे।
उद्देश्य यह था कि – इलाज के तनाव से कुछ पल राहत देकर शहर की सांस्कृतिक खूबसूरती, विधानसभा जैसी ऐतिहासिक जगहों से जोड़ना और जीवन में सकारात्मकता भरना। यात्रा के दौरान मरीजों के चेहरों पर सुकून और उम्मीद की चमक साफ दिखी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “यह सिर्फ पर्यटन नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी है। मरीजों का मनोबल बढ़ाना और मुस्कान लाना हमारा लक्ष्य था। यूपी पर्यटन ऐसी संवेदनशील पहलों से समाज को जोड़ता रहेगा।”
मरीजों के अनुभव दिल छू गए : रजनी वर्मा ने विधानसभा देखकर यादगार पल बताया, अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि बीमारी के बाद पहली बार खुशी और सकारात्मकता महसूस हुई। डॉ. अभिषेक ने बताया कि ऐसे अनुभव मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं। बस में हल्का पौष्टिक भोजन और स्मृति चिह्न भी दिए गए।
यह पहल साबित करती है कि पर्यटन सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि उम्मीद जगाना भी है!







