कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद के चौराहों को महापुरुषों और देवी-देवताओं की मूर्तियों से सजाने का अभियान जोरों पर है। इस पहल से चौराहों की शोभा बढ़ रही है, लेकिन तेज रफ्तार डंपरों के कारण यह सुंदरता खतरे में पड़ रही है। रविवार को करीब 1 बजे समदा चौराहे पर एक तेज रफ्तार डंपर (यूपी 96 टी 6465) ने शंखनाद चबूतरे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चबूतरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओसा चौराहे की ओर से आ रहा डंपर जैसे ही समदा चौराहे पर पहुंचा, मंझनपुर की ओर से गुजर रही एक कार को बचाने के चक्कर में चालक ने चबूतरे से टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए डंपर को कब्जे में लेकर कादीपुर पुलिस चौकी को सौंप दिया।
यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती बन रही है, क्योंकि जनपद में तेज रफ्तार डंपरों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शासन-प्रशासन इन पर अंकुश लगाने में अब तक नाकाम रहा है। इस मामले की जांच जारी है, और यह स्पष्ट होना बाकी है कि हादसे की असल वजह क्या थी।
इस घटना ने न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि चौराहों की सौंदर्यीकरण योजना पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







