लखनऊ, 19 नवंबर 2025। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (SRMU) के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पूर्व छात्र और अंतरराष्ट्रीय SEO विशेषज्ञ अदित्य विक्रम सिंह ने एक प्रभावशाली गेस्ट लेक्चर दिया। सत्र में अदित्य ने 23 देशों की अपनी यात्राओं से हासिल वैश्विक अनुभवों को छात्रों के साथ साझा किया और उन्हें करियर में आगे बढ़ने के लिए नई दिशा दिखाई।
अदित्य ने यूरोप, दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और अमेरिका के तकनीकी इकोसिस्टम का रोचक तुलनात्मक विश्लेषण पेश किया। उन्होंने बताया कि यूरोप में अनुशासन, शोध और डिजिटल नवाचार पर गहरा फोकस है, दक्षिण एशिया में तेजी से बढ़ता डिजिटल बाजार और जनसांख्यिकीय विविधता ग्राउंड-लेवल इनोवेशन को बढ़ावा देती है, मध्य पूर्व में भविष्योन्मुखी बड़े निवेश और तकनीक अपनाने की रफ्तार देखते ही बनती है, जबकि अमेरिका का स्टार्टअप कल्चर, बोल्ड सोच और प्रैक्टिकल अप्रोच दुनिया को लीड करता है।

उन्होंने छात्रों से कहा, “भारतीय युवाओं में वैश्विक स्तर पर मुकाबला करने की पूरी क्षमता है। जरूरत है तो बस नई तकनीकों को जल्दी अपनाने, लगातार सीखने और ग्लोबल माइंडसेट विकसित करने की।”
विभागाध्यक्ष प्रो. बिनीत कुमार गुप्ता ने सत्र की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि छात्र उद्योग और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों से सीधे जुड़ सकें।
लेक्चर के अंत में छात्रों ने अदित्य से अंतरराष्ट्रीय अवसर, जरूरी स्किल्स और करियर ग्रोथ पर ढेर सारे सवाल किए। छात्रों ने इसे “लाइफ-चेंजिंग” और “अत्यंत प्रेरणादायी” बताया। कई छात्रों ने कहा कि इस सत्र ने उन्हें भारत से बाहर सोचने और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास दिया।
बता दें कि एसआरएमयू एक बार फिर अपने पूर्व छात्रों और छात्रों को जोड़कर वैश्विक स्तर का मंच उपलब्ध कराने में सफल रहा।






