नेपाल-बांग्लादेश के बाद नया अध्याय: डिजिटल टूल्स ने प्रदर्शनों को बनाया डिसेंट्रलाइज्ड, सरकारें रोक नहीं पा रही
अंतानानारिवो (मेडागास्कर) : क्या सोशल मीडिया की स्क्रॉलिंग से निकलकर युवा सड़कों पर सरकारें उखाड़ फेंक सकते हैं? मेडागास्कर इसका जीता-जागता सबूत बन गया है! नेपाल और बांग्लादेश में ‘जेन-जेड’ आंदोलनों ने सत्ताधारियों को झुकाया, अब अफ्रीका के इस हरे-भरे द्वीप पर 20 साल के युवाओं की चिंगारी ने राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना को देश से भगा दिया। देर रात फ्रेंच मिलिट्री प्लेन से सुरक्षित स्थान पर पहुंचे राजोएलिना ने वीडियो मैसेज में कहा, “मेरी जान को खतरा था, लेकिन मैं हार नहीं मानूंगा।” लेकिन अब सेना ने कंट्रोल ले लिया है और यह कोई साधारण तख्तापलट नहीं, बल्कि ‘जनता की आवाज’ का दावा कर रहा है।
कैसे फूटा गुस्सा ?
सब कुछ शुरू हुआ 25 सितंबर से, जब बिजली-पानी की कटौती ने राजधानी अंतानानारिवो के युवाओं को सड़कों पर उतार दिया। “Tsy Manaiky Lembenana” (हम दबने को तैयार नहीं) और “Leo Delestage” (लोडशेडिंग से तंग आ चुके हैं) जैसे नारे सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। फेसबुक पेज ‘Gen Z Madagascar’ ने महज पांच दिनों में 1 लाख फॉलोअर्स जुटा लिए – नेपाली प्रदर्शनों से प्रेरित होकर। जल्द ही यह आंदोलन भ्रष्टाचार, गरीबी और खराब शासन के खिलाफ बड़ा विद्रोह बन गया। 31 मिलियन की आबादी वाले इस द्वीप पर 75% लोग गरीबी रेखा से नीचे जी रहे हैं, जहां औसत आय महज 545 डॉलर सालाना है।
शनिवार को टर्निंग पॉइंट आया:
एलीट मिलिट्री यूनिट CAPSAT (जिसने 2009 में राजोएलिना को सत्ता दिलाई थी) ने प्रदर्शनकारियों का साथ दे दिया। कर्नल माइकल रैंड्रियनिरिना ने घोषणा की, “यह तख्तापलट नहीं, जनता की पुकार है। हमारा एक सैनिक प्रदर्शनकारियों के साथ लड़ते हुए शहीद हो गया।” राजधानी में बख्तरबंद गाड़ियां सड़कों पर उतरीं, तो लोग मेडागास्कर के झंडे लहराते हुए उनका स्वागत कर रहे थे। मानो हीरो आ गए हों!

22 मौतें, लेकिन उम्मीद की किरण
तीन हफ्तों में 22 लोग मारे गए – प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी और लूटपाट में। संयुक्त राष्ट्र ने हिंसा पर शोक जताया, जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने चेतावनी दी, “युवाओं का राजनीतिक हथियार बनना ठीक नहीं।” संसद ने राजोएलिना को इम्पीच कर दिया, और सेना ने दो साल का ट्रांजिशनल गवर्नमेंट घोषित किया – नए चुनावों के वादे के साथ। लेकिन युवा कहते हैं, “हम सिर्फ शुरुआत हैं।” X पर #GenZMada ट्रेंड कर रहा है, जहां एक यूजर ने लिखा: “नेपाल से सीखा, अब हमारी बारी – कोई लीडर नहीं, सिर्फ आवाज!”
जेन-जेड का डिजिटल विद्रोह
यह सिर्फ मेडागास्कर नहीं ! मोरक्को से इंडोनेशिया तक युवा सोशल मीडिया पर एकजुट हो रहे हैं। पाइरेट स्कल एंड क्रॉसबोन्स (वन पीस से प्रेरित) उनका सिंबल बन गया है। विशेषज्ञ कहते हैं, “डिजिटल टूल्स ने प्रदर्शनों को डिसेंट्रलाइज्ड बना दिया – सरकारें रोक नहीं पा रही।” क्या यह अफ्रीका में नई क्रांति की शुरुआत है? या सिर्फ एक और अस्थिरता? आने वाले दिन बताएंगे। लेकिन एक बात पक्की: जेन-जेड अब चुप नहीं रहेगा!






