संविधान हमारी ढाल है, इसे छूने की कोशिश मत करना! हजरतगंज पर अखिलेश यादव का भावुक और आक्रामक ऐलान
लखनऊ, 14 अप्रैल 2026: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज परम् पूज्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर अखिलेश यादव भावुक नजर आए और बाबा साहेब की मूर्ति खंडित करने वालों को सख्त चेतावनी दी।
मूर्ति तोड़ोगे तो पूरा PDA खड़ा हो जाएगा! अखिलेश ने अम्बेडकर जयंती पर दुश्मनों को दी खुली चुनौती, घोड़ी चढ़ने नहीं देते, पानी पीने से रोकते हैं… अब और नहीं!
माल्यार्पण के बाद अखिलेश यादव ने कहा, “ये लोग न सिर्फ बाबा साहेब की मूर्ति खंडित करते हैं, बल्कि उनका संविधान भी नहीं मानते। शादी के कार्यक्रम में घोड़ी नहीं चढ़ने देते, पानी पीने से रोकते हैं। ये लड़ाई लंबी है और इसे मजबूती से लड़ा जाएगा।”
अखिलेश यादव ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने देश को संविधान देकर सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की मजबूत नींव रखी। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान हमारे लिए ढाल है और इसे किसी भी कीमत पर बचाना होगा।
कार्यक्रम में सपा के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव के इस बयान को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि समाजवादी पार्टी अम्बेडकर जयंती को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को अपना मुख्य एजेंडा बना रही है।
बाबा साहेब अम्बेडकर की जयंती पर आज पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लखनऊ में भी अन्य राजनीतिक दलों के नेता अम्बेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
बता दें कि अखिलेश यादव का यह बयान उन घटनाओं के बीच आया है, जहां विभिन्न स्थानों पर बाबा साहेब की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाने की खबरें सामने आती रही हैं। सपा अध्यक्ष ने साफ संदेश दिया कि ऐसी किसी भी घटना के खिलाफ समाजवादी पार्टी मजबूती से खड़ी रहेगी।







