बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के फखरपुर क्षेत्र के उमरी डेलो गांव में बुधवार देर शाम तेंदुए ने 62 वर्षीय शांति देवी पर हमला कर दिया। गाँव के बाहर गन्ने के खेत में काम कर रही शांति देवी को तेंदुए ने घसीट लिया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुआ उन्हें जंगल की ओर ले जा चुका था।
खोजबीन करने पर महिला गंभीर रूप से घायल हालत में मिलीं। उनके गले और माथे पर गहरे निशान थे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर पगचिह्न, फोटोग्राफी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की कि हमला तेंदुए ने किया था। क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से तेंदुओं की सक्रियता बढ़ी हुई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।







