उ.प्र.संगीत नाटक अकादमी में वार्षिक सम्भागीय प्रतियोगिताएं: सोहम, पियूष, आराध्य, वंशिका, शिवांगी, अपूर्वा, अंजुल व प्रीतम प्रथम
लखनऊ, 10 अगस्त 2021: उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की वार्षिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आज लखनऊ संभाग की गायन, वादन व नृत्य प्रतियोगिताएं गोमतीनगर स्थित अकादमी परिसर के वाल्मीकि रंगशाला में आयोजित की गयीं। शास्त्रीय संगीत की विरासत को सम्भालने, सहेजने और आगे बढ़ाने वाली इन प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया।
ठुमरी-दादरा गायन प्रतियोगिता के किशोर वर्ग में पियूष मिश्रा प्रथम और धु्रपद-धमार में रविप्रकाश गौड़ द्वितीय रहे। तबला वादन बाल वर्ग में सोहम मिश्रा व आराध्य प्रवीण प्रथम, मृदुनन्दन सानवाल व स्वयं मिश्रा द्वितीय और कृष्णा श्रीवास्तव तृतीय रहे। कथक प्रतियोगिता के बाल वर्ग में वंशिका व शिवांगी बड़वाल प्रथम, पार्थिवी राय, अनन्या तिवारी व रुद्राक्षी द्वितीय रहीं। कथक किशोर वर्ग में अपूर्वा तिवारी व पियूष पाण्डे पहले, सिमरन व सीमा पाल दूसरे और प्रेरणा विश्वकर्मा तीसरे स्थान के लिए चुने गये। कथक युवा वर्ग में अंजुल बाजपेयी व प्रीतम प्रथम, सिद्वार्थ राय व आरोहिनी द्वितीय और आरती का चयन तृतीय स्थान के लिए किया गया।

अकादमी के सचित तरुण राज ने बताया कि सम्भागीय प्रतियोगिताओं मेंं प्रथम आने वाले विजेताओं को राज्य स्तरीय शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। संगीत सर्वेक्षक रेनू श्रीवास्तव के संयोजन में होने वाली इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने लखनऊ घराने के कथक के संग ही शास्त्रीय रागों को सुंदर स्वरों में प्रस्तुत किया तो तालवाद्यों पर अपना अधिकार साबित किया। प्रतियोगिता में अनेक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। निर्णायक मण्डल में बांदा के संगीतकार धनंजय सिंह, प्रयागराज की कथक नृत्यांगना उर्मिला शर्मा और प्रयागराज के ही तबलावादक अनूप बनर्जी शामिल थे। निर्णायक मण्डल का स्वागत करने के साथ ही आभार रेनू श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।







