“प्राइवेट स्कूलों की लूट पर रोक नहीं लगी तो प्रदेशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा”: अनित रावत, फीस अधिनियम 2018 लागू करो, अभिभावकों का शोषण बंद करो
लखनऊ : आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग (ASAP) ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण के खिलाफ लखनऊ के परिवर्तन चौराहा (केडी सिंह मेट्रो स्टेशन के निकट) पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जोर-जोर से नारेबाजी की और सरकार से फीस अधिनियम 2018 को सख्ती से लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान आप छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत के नेतृत्व में कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर इको गार्डन भेज दिया।
अनित रावत का सरकार पर तीखा हमला: प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्राइवेट स्कूल हर साल 20 से 30 प्रतिशत तक मनमाने ढंग से फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे अभिभावक त्रस्त हैं। सरकार इस लूट को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है।
उन्होंने चेतावनी दी, “अगर प्राइवेट स्कूलों की इस लूट पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो आम आदमी पार्टी छात्र विंग पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ देगी।”
मुख्य मांगें :
- फीस अधिनियम 2018 को कागजों से निकालकर जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू किया जाए।
- प्राइवेट स्कूलों पर निगरानी बढ़ाई जाए और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।
- कॉपी-किताब, ड्रेस और जूते की जबरन एक ही दुकान से खरीदारी बंद कराई जाए।
- सरकारी स्कूलों को मजबूत किया जाए, शिक्षा का बाजारीकरण रोका जाए।
अनित रावत ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर सरकारी स्कूलों को कमजोर किया है, ताकि निजी स्कूलों का सिंडिकेट और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा अब सेवा नहीं, बल्कि व्यापार बन चुकी है।
गिरफ्तारी पर भी तीखी प्रतिक्रिया : गिरफ्तारी के बाद अनित रावत ने कहा, “यह गिरफ्तारी योगी सरकार की तानाशाही को दर्शाती है। लेकिन शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
प्रदर्शन में आप छात्र विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, यशवीर सिंह सेंगर, आशीष मौर्य, प्रदेश सचिव चंद्रजीत यादव, आकाश वर्मा, निरज गुप्ता और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
आप छात्र विंग ने साफ चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्दी फीस अधिनियम लागू नहीं करती और अभिभावकों को राहत नहीं देती, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश के हर जिले तक फैल जाएगा।







