लखनऊ। राजधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वो जब चाहते हैं, वारदात को अंजाम देने में जरा भी नहीं हिचकिचाते। इसकी बानगी बाइक सवार बदमाशों ने एक बार फिर माल इलाके में पेश की। दम्पति चन्द्रिका देवी से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी राह में मिले बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर पीटा। बाद में पति के सामने महिला को खींचकर पंचायत भवन के कमरे में ले गए। दुराचार की कोशिश में कपड़े फाड़े। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश भाग निकले।
आॅटगढ़ी सौरा गांव में रहने वाला किसान की तीन महीने पहले शादी हुयी थी। इसी सिलसिले में वो पत्नी संग रविवार सुबह दर्शन के लिए बाइक से चंद्रिका देवी गया था। वहां से करीब 2.30 बजे लौटते वक्त मांझी गांव के पास स्थित हरीवंश बाबा वट वृक्ष के दर्शन के लिए पति-पत्नी चल दिए। रास्ते में दोनों को प्यास लगी तो वो वहीं सड़क के किनारे पंचायत भवन के पास लगे हैण्डपम्प के करीब पहुंचे। पानी पिया और फिर साए में बैठ गए। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आ धमके। एक ने महिला को पकड़ा, जबकि दूसरे ने पति को दबोच लिया। तमंचे के दम पर 500 रुपए, मोबाइल, सोने का हार, झुमकी छीन ली। यही नहीं दोनों को घसीटकर पंचायत भवन के कमरे में ले गए। पति की नजरों के सामने महिला के कपड़े फाड़कर दुराचार की कोशिश की। पीड़िता ने शोर मचाया तो राहगीर व आस-पास रहे लोग आ धमके। जिसके चलते बदमाश भाग निकले। बाद में दम्पति ने घर जाकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। सभी लोग मांझी गांव के पास पहुंचे, लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली, फिर थाने गए। जहां काफी जद्दोजहद के बाद एफआईआर दर्ज हुयी।