औरंगाबाद, 23 जनवरी। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी और आरएसएस पर प्रहार किया है। औरंगाबाद में एक जनसभा में उन्होंने कहा कि बीजेपी मुस्लिम मुक्त भारत चाहती है, वहीं राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) दलित मुक्त। दलितों और मुस्लिमों से अपील करते हुए ओवैसी ने कहा, मुस्लिमों और दलितों को अब जागना होगा। मैं दलितों से कहना चाहता हूं कि उनका गरीब भाई आपके सामने खड़ा है।
बता दें कि ओवैसी मीम का इस्तेमाल मुस्लिम, जबकि भीम लफ्ज़ का इस्तेमाल दलितों के लिए करते रहे हैं। औरंगाबाद में उन्होंने मीम और भीम की एकजुटता पर जोर दिया। ओवैसी ने तीन तलाक कानून को लेकर मोदी सरकार की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा, इस कानून का मकसद मुस्लिम बच्चों को जेल में डालना और मुस्लिम महिलाओं को रोड पर लाना है। औरत को इंसाफ दिलाने की बात तो बस एक बहाना है, निशाना शरीयत को बनाना है। उन्होंने कहा, अगर मोदी सही में इंसाफ करना चाहते हैं तो आगामी बजट में दो हजार करोड़ का प्रावधान करो और कहो कि अगर कोई मुस्लिम मर्द अपनी बीवी को तलाक देता है तो महिला को हर महीने 15 हजार रुपए देंगे।







