- 12 साल के मासूम की चारपाई पर बैठे-बैठे ‘फांसी’, आत्महत्या या साजिश?
- करारी के लहना गांव में चौंकाने वाली घटना, पुलिस कह रही आत्महत्या लेकिन सवालों के घेरे में पूरी कहानी
कौशाम्बी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे करारी थाना क्षेत्र के लहना गांव में 12 वर्षीय बालक अंकित लोध की लाश घर की चारपाई पर मिली। उसके गले में कपड़े की बेल्ट कसी हुई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताते हुए मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन घटना की पूरी तस्वीर संदेहों से भरी हुई है।
बैठे-बैठे फंदा कैसे?
परिवार के अनुसार अंकित दोपहर में भाई-बहनों के साथ खेल रहा था। खेल के दौरान छोटा-सा विवाद हुआ तो मां अनीता देवी ने डांट लगाई। नाराज होकर बच्चा ऊपर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिवार ऊपर पहुंचा तो देखा कि अंकित चारपाई पर बैठे-बैठे ही गले में बेल्ट का फंदा लगाकर जान दे चुका है।
सवाल हुए खड़े
12 साल के बच्चे द्वारा चारपाई पर बैठे-बैठे खुद गले में बेल्ट कसकर आत्महत्या करना कई लोगों को संभव नहीं लग रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि मौत की सूक्ष्म जांच (पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक) कराई जाए तो शायद बड़ी सच्चाई सामने आ सकती है।
परिवार की हालत नाजुक
पिता गणेश प्रसाद मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घर में अंकित के अलावा 8 वर्षीय अंशु, 6 वर्षीय प्रियांशु और 4 वर्षीय शिवानी हैं। मासूम की अकाल मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजन रो-रोकर बेबस हो रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच चल रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।
गांव में है शोक की लहर
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग इस छोटी उम्र में बच्चे के इस कदम को लेकर हैरान हैं, जबकि कई लोग संदेह जता रहे हैं कि यह आत्महत्या से ज्यादा कुछ और हो सकता है। गांव वालों का कहना है कि यदि बच्चे की मौत पर सूक्ष्म जांच हुई तो बड़ी कहानी उजागर होगी ! बता दें कि अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट सुराग सामने नहीं आया है, लेकिन सूक्ष्म जांच की मांग तेज हो रही है।
पिता की हत्या करने वाले बेटे को कोखराज पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोखराज कौशाम्बी : उधर एक दूसरी घटना के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव में 8 जून की रात में सोते समय सुरेश कुमार पर उनके बेटे राजू ने लाठी डंडे से मुंह गले सिर पर बेरहमी से प्रहार किया था जिससे सुरेश कुमार को गंभीर चोट लगी थी उनकी पत्नी सोमिया देवी इलाज के लिए लेकर अस्पताल गई लेकिन 10 जून को इलाज के दौरान सुरेश कुमार की मौत हो गई है।
पत्नी ने अपने बेटे के खिलाफ पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और शनिवार को आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लिखा पढ़ी करने के बाद हत्या करने वाले बेटे को पुलिस ने अदालत में पेश किया है बताया जाता है कि पिता पुत्र के बीच रुपए के लेनदेन का विवाद था जिसके चलते बेटे ने पिता की हत्या कर दी है।







