बॉलीवुड हस्तियां हंसिका-प्रिंस से लेकर कबीर बेदी तक अरदास में शामिल; 500 किलो फूलों से सजा गुरुद्वारा, निहंगों की गतका और आतिशबाजी ने बांधा समां लाखों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया लंगर
मुंबई: गुरु नानक देव जी की जयंती पर अंधेरी पश्चिम के चार बंगला गुरुद्वारा साहिब में भक्ति, सेवा और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। जहां एक ओर बॉलीवुड और टीवी सितारे गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे, वहीं बीती रात का भव्य नगर कीर्तन “वाहेगुरु” के जयकारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर गया।
गुरु नानक प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर लाखों श्रद्धालु उमड़े। अभिनेत्री हंसिका मोटवानी, प्रिंस नरूला व युविका चौधरी, फैशन डिज़ाइनर रोहित वर्मा, गॉविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा, सौंदर्या शर्मा, कबीर बेदी और एकता जैन सहित कई मशहूर हस्तियां नतमस्तक होकर अरदास की। सरदार जसपाल सिंह सूरी और मनिंदर सिंह सूरी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में करीब एक लाख लोग शामिल हुए, जबकि 70 हजार से अधिक ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया। सामाजिक सेवा में अग्रणी यह गुरुद्वारा प्रतिदिन दो बार लंगर और बाढ़ग्रस्त गांवों की मदद जैसी मिसाल कायम कर रहा है।

गुरु नानक प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन ने गूंजाया “वाहेगुरु” का नाम
बीती रात लोखंडवाला बैक रोड से शुरू हुआ नगर कीर्तन “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के नारों के साथ गुरुद्वारे पर संपन्न हुआ। पांच हजार से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। रास्ते में पानी, चाय और प्रसाद के स्टॉल लगे। गुरुद्वारे को 500 किलो फूलों से सजाया गया, निहंग सिखों की गतका कला ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। अंत में शानदार आतिशबाजी और लंगर सेवा ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
जसपाल सिंह सूरी और मनिंदर सिंह सूरी के मार्गदर्शन में संपन्न यह प्रकाश पर्व प्रेम, समानता और सेवा का संदेश लेकर पूरे समाज में गूंज रहा है।







