गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के सम्मेलन और कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में विकास की जगह दंगे होते थे। विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार और माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि जो लोग आज आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, उन्हें असल में इस बात की जलन है कि जो काम वे नहीं कर पाए, उसे उनकी सरकार ने करके दिखा दिया।
पिछली सरकारें अक्षम और माफिया के आगे घुटने टेकती थीं
मुख्यमंत्री ने हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारें अक्षम और भ्रष्ट थीं। वे माफिया के सामने घुटने टेकती थीं और प्रदेश को बीमारू राज्य बना बैठीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का पैसा लूटकर विदेशों में जमा कराया गया और कई पीढ़ियों के लिए अवैध संपत्ति जुटाई गई।
दुबई वाली अवैध कमाई पर तंज
सीएम योगी ने दुबई में अवैध तरीके से पैसा छिपाने वाले नेताओं पर भी तंज कसा। अमेरिका-ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब दुबई में मिसाइलें गिर रही थीं, तब वहां छिपी अवैध कमाई को लेकर इन नेताओं के घरों में चिल्लाहट मची थी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि “वो मिसाइल उनकी अवैध कमाई पर भी गिर रही थी, और लूट करने वालों पर ऐसे ही होता है।” मुख्यमंत्री के इस तीखे बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर चर्चा छिड़ गई है।







