सीएम योगी का विधान सभा में सपा और कांग्रेस पर निशाना
लखनऊ 2 अगस्त: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में सपा-कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ‘खटाखट वालों को 2027 में सफाचट कर देंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया है। इन लोगो ने संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया है लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे।
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को 10 साल हो गए लेकिन आज तक संविधान नहीं बदला गया। सपा- कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को कुचला था। आज सपा के लोग उन्हीं के साथ मिलकर संविधान बचाने की बात कर रही है। इसका जवाब 2027 में मिलेगा।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को विधानसभा को संबोधित कर रहे थे। सदन में पेश किए गए 12 हजार 209 करोड़ के अनुपूरक बजट पर चर्चा की और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि कहा कि ये बजट यूपी के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक है। इस वर्ष पेश किए गए मूल बजट की 40 प्रतिशत राशि को अलग-अलग विभागों के लिए आवंटित कर दिया गया है।
वहीं, 20 प्रतिशत खर्च हो चुका है। कहा कि ये हमारे प्रवासों का ही परिणाम है कि आज यूपी की अर्थव्यवस्था देश में दूसरे स्थान पर है। राज्य में प्रतिव्यक्ति आय भी बढ़ी है और प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में भी सहायक हुआ है। 2017 के पहले प्रदेश के सामने पहचान का संकट था पर अब प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।
उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है यही कारण है कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए है जिसमें से 16 से 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश को जमीन पर उतारने में हमें सफलता प्राप्त हुई। इससे प्रदेश में सात लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था अब विश्व में पांचवे स्थान पर आ गई है। आगे आने वाले तीन वर्षों में विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
कानून-व्यवस्था को लेकर सपा को घेरा सीएम योगी ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में एक 12 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में मोईद खान को गिरफ्तार किया गया है वह सपा का नेता है। ऐसे लोगों को भुगतना होगा मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ के गोमती नगर में युवती से हुई अभद्रता पर कहा कि महिला सुरक्षा हमारे लिए प्राथमिकता सूची में है। उन्होंने आरोपियों का नाम लेते हुए कहा कि इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।