शरीर पर चोट के निशान नहीं
नई दिल्ली, 02 जुलाई। दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 लोगों की रहस्यमय मौत के मामले में 6 लाशों का पोस्टमॉर्टम हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगा कर लटकने से मौत होने की बात सामने आई है। इसके अलावा उनके शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत का शिकार हुए इन सभी 11 लोगों की आंखें उनके रिश्तेदारों के कहने पर दान कर दी गईं हैं। इन सभी लोगों का एक साथ अंतिम संस्कार कश्मीरी गेट के पास निगमबोध घाट पर किया जाएगा।
रहस्यमय मौत का शिकार हुए लोग मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे, लेकिन उन्हें उनके पैतृक गांव ले जाना आसान नहीं है। इस लिए उनके रिश्तेदारों ने दिल्ली में ही उनका अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस सनसनीखेज घटना में 10 लोगों के शव लटके हुए मिले हैं। उसके पास ही एक कमरे से 2 रजिस्टर बरामद हुए हैं। दोनों रजिस्टरों में मौत के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। उसमें मुंह बांधने और हाथ बांधने का भी ज़िक्र है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों रजिस्टर में मौत और मोक्ष को लेकर एक कहानीनुमा लंबा लेख है। उसमें किसी आध्यात्मिक गुरु का नाम नहीं है। रजिस्टर में मौत की क्रियाओं का विस्तर से वर्णन किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रजिस्टर में लिखी हैंड राइटिंग परिवार में से किस सदस्य की है। क्राइम ब्रांच इस सनसनीखेज मामले की जांच कर रही है।







