फिल्म एण्ड टीवी अकादमी ने की नयी शुरुआत
लखनऊ, 30 अप्रैल। भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के जी की 155वीं जयंती के दिन 30 अप्रैल को शाम पांच बजे फिल्म एण्ड टीवी अकादमी उत्तर प्रदेश यहां प्रेस क्लब में अवार्ड समारोह का आयोजन करेगी। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध अभिनेता डा.अनिल रस्तोगी और कला व फिल्म समीक्षक राजवीर रतन को ‘दादा साहब फाल्के आजीवन चलचित्र सेवा सम्मान-2025’ से सूचना निदेशक व फिल्मबंधु के सदस्य सचिव विशाल सिंह, पद्मश्री विद्या विंदु सिंह व फिल्मकार सुनील बत्ता अलंकृत करेंगे।
क्या बोलें राजवीर रतन
मेरे और मेरे परिवार के जीवन में कई ऐसे अवसर आए हैं जब आपकी उपस्थिति, स्नेह और शब्दों ने मेरी रचनात्मक शक्ति को और मजबूत कर हौसला दिया है। आज भी ऐसा अवसर है, जहां आपकी उपस्थिति मुझे सम्बल प्रदान करेगी। यूपी प्रेस क्लब चाइना बाज़ार गेट लखनऊ में शाम पांच बजे दादा साहेब फाल्के आजीवन चलचित्र सेवा सम्मान समारोह- 2025 में आपकी प्रतीक्षा रहेगी।फिल्म एंड टीवी अकादमी के अध्यक्ष फिल्मकार सुनील बत्ता ने बताया कि अकादमी पहले भी फिल्म समारोह, सेमिनार आयोजित करने के साथ फिल्म डायरेक्टरी आदि का प्रकाशन कर चुकी है। उसी क्रम में भारतीय फिल्म उद्योग के पितामह के नाम पर इस सम्मान की शुरुआत कर रही है।
सम्मान के लिए गठित समिति ने इस वर्ष 1962 से रंगमंच की सेवा में लगातार सक्रिय, पूरे देश में हिंदी व विभिन्न भारतीय और विदेशी भाषाओं से रूपांतरित 98 नाटकों के एक हजार से अधिक शो को अपने जीवंत अभिनय से सजाने वाले, फिल्म, टीवी व रंगमंच अभिनेता डा.अनिल रस्तोगी और अभिनय, लेखन, निर्देशन, प्रकाश सज्जा, रूपांतर, पुतुल कला, लोकनाट्य, डाक्यूमेंट्री व विज्ञापन निर्माण, कार्यशाला संचालन, कला और फिल्म समीक्षा जैसे बहुतेरे आयामों और विधाओं में लगभग पांच दशक से लगातार सक्रिय राजवीर रतन को प्रदान करना तय किया है। जयंती के दिन दादा साहब फाल्के द्वारा निर्मित और 13 मई 1913 को रिलीज हुई पहली भारतीय मूक फिल्म ‘राजा हरिश्चंद्र’ के अंशों का प्रदर्शन कला सम्बन्धी फिल्मों के साथ विशेष रूप से किया जायेगा।







