लखनऊ। भारत सरकार के रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक की। संगठनात्मक मुद्दों से लेकर शहर की जनसमस्याओं तक हर विषय पर खुलकर चर्चा हुई।
पुराने योद्धा कौशल किशोर की लगन की तारीफ
बैठक में पूर्व भाजपा नेता कौशल किशोर ने लखनऊ शहर की विभिन्न समस्याओं से रक्षा मंत्री को अवगत कराया। राजनाथ सिंह ने कौशल किशोर की निष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा, “वे ऐसे नेता हैं जो प्राचीन समय से अब तक दरी बिछाने से लेकर माइक संभालने तक का हर काम करते रहे हैं।”
कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं, समाधान का भरोसा
बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं, विकास कार्यों की स्थिति और जनता से जुड़े अहम मुद्दे रखे। राजनाथ सिंह ने हर बात को गंभीरता से सुना और जनसेवा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
“कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत”
रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं और जनता व सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निरंतर जनसंपर्क बनाए रखें और समाज के हर वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से काम करें।
इनकी रही प्रमुख विशेष उपस्थिति : इस दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खरकवाल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।राजनाथ सिंह की इस बैठक को कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।







