बलिया। ज़माने का मौसम बहुत ख़राब है फूंक -फूंक कर कदम रखों। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के टुटुवारी गांव में 12 वर्षीय दलित नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष दोपहर लगभग तीन बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और करीब आधे घंटे तक परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर प्रयास करेगी। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं और बसपा कार्यकर्ता भी वहां मौजूद रहे।
घटना 2024 के एक मामले से जुड़ी है –
परिजनों का आरोप है कि यह घटना मार्च 2024 में हुई छेड़खानी के एक मामले से जुड़ी है, जिसमें मृतक किशोरी मुख्य गवाह थी। उसकी जल्द ही कोर्ट में गवाही होनी थी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी रामजी राय उर्फ बबलू राय को 8 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टुटुवारी गांव में फेफना, चितबड़ागांव, नरही और कोरंटाडीह से पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला पुलिसकर्मी और सीओ सिटी मोहम्मद उस्मान खुद मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है।







