जूनियर वर्ग की चैम्पियनशिप प्रताबोंग एकेडमी, थाईलैण्ड को जबकि सीनियर वर्ग की चैम्पियनशिप एलेन कैरियर इन्स्टीट्यूट, कोटा, राजस्थान को
लखनऊ, 6 दिसम्बर 2018: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) द्वारा आयोजित चार दिवसीय इण्टरनेशनल यंग मैथमेटिशियन कन्वेन्शन (आई.वाई.एम.सी.-2018) का भव्य समापन बुद्धवार को सीएमएस कानपुर रोड आॅडिटोरियम में हुआ।
बता दें कि रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सम्पन्न हुए पुरस्कार वितरण व समापन समारोह में 16 देशों से पधारे विजयी प्रतिभागियों को शील्ड, मैडल व सर्टिफिकेट प्रदान कर पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। प्रताबोंग एकेडमी, थाईलैण्ड की छात्र टीम ने जूनियर वर्ग की ओवरआॅल चैम्पियनशिप कब्जा जमाकर अपने ज्ञान-विज्ञान की चमक बिखेरी, तो वहीं दूसरी ओर एलेन कैरियर इन्स्टीट्यूट, कोटा, राजस्थान ने सीनियर वर्ग की ओवरआॅल चैम्पियनशिप ट्राफी जीतकर अपने ज्ञान-विज्ञान का परचम लहराया।
विदित हो कि इस अन्तर्राष्ट्रीय युवा गणितज्ञ सम्मेलन के दौरान विश्व के 16 देशों बांग्लादेश, ब्राजील, भूटान, इण्डोनेशिया, नेपाल, फिलीपीन्स, रूस, ताईवान, थाईलैण्ड, यूएई, अमेरिका, ईरान, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका, वियतनाम एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों से पधारे 700 से अधिक बाल गणितज्ञों ने प्रतिभाग किया।
इससे पहले, आईवाईएमसी.-2018 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पधारे श्री आलोक सिन्हा, आईएएस, अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा, उप्र, ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत् उद्घाटन किया एवं देश-विदेश के विजयी प्रतिभागियों को शील्ड, मैडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि श्री आलोक सिन्हा ने कहा कि विभिन्न देशों के बाल गणितज्ञों को एक मंच पर एकत्रित करने का सी.एम.एस. गोमती नगर का प्रयास अत्यन्त सराहनीय है। उन्होंने बाल गणितज्ञों से अपील की कि अपनी बुद्धि और ज्ञान की शक्ति को विधाता की देन समझें और इसे विश्व समाज की सेवा में लगायें जिससे मानव जाति निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर रहे। इस अवसर पर फिलीपीन्स से पधारे डा. साइमन एल चुआ, अमेरिका से पधारे श्री मार्क साॅल एवं ताईवान से पधारे प्रो. वेन सीन सन ने भी देश-विदेश के विजयी छात्रों को पुरष्कृत कर सम्मानित किया।
आई.वाई.एम.सी.-2018 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या श्रीमती आभा अनन्त ने कहा कि सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र सभी विजयी हैं क्योंकि सभी ने यहां आकर कुछ नया सीखा है और आगे की इनकी मंजिल नई ऊचाइयों को छूने के लिए इनको पुकार रही है।
सीएमएस के संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने देश-विदेश से पधारे बाल गणितज्ञों को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि सीएमएस का प्रयास है कि भावी पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच और विश्व बन्धुत्व की भावना हो। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि विभिन्न देशों के बच्चे यहां आपस में मिलकर एक दुनिया एक परिवार की बात सोच रहे हैं।







