लखनऊ : उत्तर प्रदेश ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) पर सरकारी खरीद में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 2017 से अब तक प्रदेश ने जेम के जरिए ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद की है, जो देश के सभी राज्यों की कुल खरीद का 30 प्रतिशत से ज्यादा है।
तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार
जेम के 10वें स्थापना दिवस पर 10 अगस्त को नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश को तीन पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें जेम ओवरऑल एक्सीलेंस अवार्ड, हाईएस्ट जीएमवी सिंस इनसेप्शन और बेस्ट आउटरीच इनिशिएटिव्स फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग शामिल हैं। प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने ये पुरस्कार ग्रहण किए।
छोटे उद्यमियों को मिला बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में जेम पर बढ़ती खरीद से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति के उद्यमों और स्टार्टअप्स को सरकारी बाजार में बेहतर अवसर मिले हैं। प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों से अधिक विभागों व कारोबारियों को इससे जोड़ा गया है।
पारदर्शिता और गुड गवर्नेंस का उदाहरण
जेम से खरीद प्रक्रिया अधिक खुली और प्रतिस्पर्धी हुई है। विक्रेताओं के लिए सरकारी संस्थाओं तक समान पहुंच बनी है। ये तीनों पुरस्कार उत्तर प्रदेश द्वारा जेम को प्रभावी तरीके से अपनाने और गुड गवर्नेंस की दिशा में मजबूत कदम का प्रमाण हैं।







