जंगल की खूबसूरत दुनिया में ऐसा कुछ न कुछ घटित होता रहता है, जिसे देख लोग अचंभित होते हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में, जहाँ अनाथ हो| चुके शावकों का रखवाला एक बाघ बना है। पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शमा ने बताया कि टाइगर रिजर्व में कम उम्र में ही इन चार शावकों की मां (बाघिन) की 15 मई को मौत हो गई और ये नन्हे शावक बेसहारा हो गये।

विभाग इन शावकों की सुरक्षा और उनके भविष्य को लेकर चिंतित था। लेकिन बाघों के स्वभाव एवं आचरण से अलहदा इन शावकों का पिता बाघ पी-243 इनकी न सिर्फ रखवाली करता है, अपितु उनका पालन-पोषण भी कर रहा है। आमतौर पर जो कहीं भी देखने और सुनने को नहीं मिला। वह पन्ना टाइगर रिजर्व में साकार हो रहा है।
श्री शर्मा ने बताया कि इन नन्हें शावकों की माँ छह वर्षीय युवा बाघिन की अज्ञात कारणों के चलते मौत होने के बाद टाईगर रिजर्व का प्रबंधन इन शावकों की सुरक्षा, संरक्षण तथा उनके भविष्य को लेकर ऊहापोह की स्थिति में था।







