देहरादून, 17 जून : उत्तराखंड के जंगलों की लगी आग बेकाबू होती जा रही है। नवंबर से जारी आग की एक हजार से अधिक घटनाओं में करीब डेढ़ हजार हेक्टेयर वन भूमि पर लदी हरियाली जलकर नष्ट हो चुकी है। बिनसर समेत अलग- अलग घटनाओं में अब तक 10 लोंगों की जान चली गई और नौ लोग घायल हो चुके हैं। हालांकि प्रशासन आग पर काबू पाने के लिए समय-समय पर वायुसेना के हेलिकॉप्टरों की मदद ले रहा है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
नवंबर, 2023 से अब तक प्रदेश में जंगल की आग की 1242 घटनाएं हो चुकी है, इसमें 1696 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वन संपदा को नुकसान पहुंच चुका है। जंगल की आग पर काबू पाने के लिए अप्रैल में नैनीताल जिले में एयरफोर्स का हेलिकाप्टर पहुंचा था। इसी तरह गढ़वाल में भी मई में भी एयरफोर्स का हेलिकाप्टर पहुंचा। राज्य में कुमाऊं मंडल में सबसे अधिक 598 और गढ़वाल मंडल में 532 जंगल की आग की घटना हुई ।







