नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2021: जांच एजेंसियों का मानना है कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने या महाराष्ट्र पुलिस की तरफ से अपने खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने से पहले ही देश छोड़ दिया था, या फिर वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे देश से फरार हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और अधिकारियों के मुताबिक, परमबीर सिंह के छुट्टी पर जाने के दो महीने बाद महाराष्ट्र पुलिस ने सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, परमबीर ने 7 मई को अपने खराब स्वास्थ्य को कारण बताकर छुट्टी मांगी और चंडीगढ़ चले गए थे। वहां से उन्होंने अपनी छुट्टियां बढ़ाई, लेकिन इसके बाद से वह गायब हैं। सिंह के खिलाफ पहला लुकआउट सर्कुलर जुलाई मध्य में जारी किया गया है। इसके बाद आशंका है कि सिंह ने इससे पहले ही देश छोड़ दिया था। परमबीर सिंह के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हैं। एंटी-करप्शन ब्यूरो में सिंह के खिलाफ दो इंक्वायरी भी लंबित हैं। सिंह को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एंटीलिया बम कांड में समन भी भेजा था।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही दिनों बाद लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था। इसकी संभावना बहुत कम है कि कोई शख्स लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद देश के किसी भी एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन पार कर जाए।’