मऊ, 8 अगस्त। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर मऊ में 5 मेगावाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया और उनकी प्रतिमा का अनावरण कर नमन किया। उन्होंने घोषणा की कि इस पार्क का नामकरण स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर ही होगा।
सोलर पार्क से हजारों घरों को मिलेगी बिजली
मेसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्लांट से मऊ में स्वच्छ और सस्ती बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी। लगभग 5 हजार घरों को बिजली मिल सकेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
“सिद्धार्थ राय के चुनाव में कार्यकर्ता बनकर काम करूंगा”
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा, “अगर कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो मैं उनके कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा।” उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर साफ कहा कि वे किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उनका भविष्य या तो महादेव तय करेंगे या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
मऊ माफिया-मुक्त होकर विकास की राह पर
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मऊ में भी सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा समेत तमाम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी के बहकावे में न आएं और विकास की दिशा में आगे बढ़ें।
सिद्धार्थ राय ने भी की मोदी की तारीफ
स्व. कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और खुद को मोदीभक्त बताया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व विधायक विजय राजभर, एमएलसी बिच्छे लाल, पूर्व मंत्री नारद राय, राजकिशोर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और करीब 50 हजार लोग मौजूद रहे।







