लखनऊ : गाजीपुर थाना क्षेत्र के हरिहरनगर इंदिरानगर में रहने वाले निजी कंपनी कर्मी देशराज का मोबाइल सब्जी मंडी में गिर गया। उन्होंने इसकी शिकायत यूपी कॉप एप पर दर्ज कराई। इस बीच उनके बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने दो लाख रुपये उड़ा दिए | नया सिम निकलवाने पर जब मैसेज आया तब उन्हें जानकारी हुई। देशराज ने गाजीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरिहर नगर में रहने वाले देशराज के मुताबिक, आठ अप्रैल की शाम वह मुलायमनगर मंडी में सब्जी खरीदने गए थे। वहां मोबाइल गिर गया। काफी तलाश के बाद नहीं मिला। इसके बाद यूपी कॉप एप पर शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन नया सिम जारी कराया। इसके बाद एसएमएस सर्विस शुरू कराई। 10 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल पर दो लाख रुपये केनरा बैंक के खाते से निकलने का मैसेज आया।
यह देख दंग रह गए। बैंक पहुंच कर जानकारी ली तो पता चला कि खाते से तीन बार में यह रुपये निकाले गए हैं। दो बार में 50-50 हजार रुपये और तीसरी बार में 99,999 रुपये निकले हैं। घटना की जानकारी साइबर क्राइम सेल और गाजीपुर थाने में दी। इंस्पेक्टर गाजीपुर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बुजुर्ग से लाखों की ठगी
एक अन्य मामले में गाजीपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर एक बुजुर्ग को 2.32 लाख का चूना लगा दिया। खाते से रकम निकाले जाने पर पीड़ित के होश उड़ गए और उसने थाने पहुंच पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर में रहने वाले प्रकाश राजपूत को जालसाज ने तीन अप्रैल को फोन किया। जालसाज ने खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताया। क्रेडिट कार्ड वेरीफिकेशन के नाम पर बैंक खातों की जानकारी ली। इसके बाद तीन बार में 2.32 लाख रुपये खाते से उड़ा दिए। मैसेज आने पर उन्हें जानकारी हुई। इसके बाद गाजीपुर थाने में प्रकाश राजपूत ने मुकदमा दर्ज कराया।







