ए.के. शर्मा ने कहा : षड्यंत्र की साजिश नाकाम! घोसी मिल का आधुनिकीकरण कराएंगे, बंद करने वालों पर कड़ा रुख
लखनऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जिले की घोसी चीनी मिल को बंद करने के किसी भी प्रयास को जनहित के खिलाफ करार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत पत्र लिखा है।
शर्मा ने पत्र में जोर दिया कि यह मिल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और हजारों गन्ना किसानों की आजीविका इससे जुड़ी हुई है। उन्होंने मिल के आधुनिकीकरण, मशीनरी नवीनीकरण, पारदर्शी प्रबंधन और ईमानदार अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की है, ताकि आगामी पेराई सत्र से पहले इसे मजबूत और लाभकारी बनाया जा सके।
मंत्री ने कथित षड्यंत्र पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विपक्षी नेता और कुछ अन्य तत्व मिल को डिस्टर्ब करने की साजिश रच रहे थे, जिसमें कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगा है। जनप्रतिनिधियों ने ऐसी किसी भी संलिप्तता पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि हालिया विवादों और मिल में पेराई प्रभावित होने के बावजूद सरकार ने किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य दिलाया, जिसे शर्मा ने बड़ा कदम बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मिल कभी बंद नहीं होगी, बल्कि इसे और बेहतर बनाया जाएगा- किसानों के हित में एक मजबूत संदेश! यह कदम मऊ के गन्ना किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए राहत की खबर है।







