कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशून्य है सरकार: अधिकार मंच
लखनऊ 26,अक्टूबर 2021 : प्रदेश सरकार से नाराज चल रहे शिक्षक व कर्मचारी 28 अक्टूबर को प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे। बता दें कि कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच उत्तर प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक अधिकार मंच के मुख्यालय लखनऊ में संपन्न हुई। जिसमें प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण हेतु पूर्व में घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
समीक्षा में पाया गया कि प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर लाखों कर्मचारी व शिक्षकों ने 5 अक्टूबर 2021 को मोटरसाइकिल रैली निकालकर अपनी मांगों के निराकरण हेतु जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किये गये। परन्तु आज तक सरकार द्वारा कोई भी कदम समस्याओं के निराकरण हेतु नहीं उठाया गया है जिससे प्रदेश के कर्मचारी एवं शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है तथा आगामी 28 अक्टूबर 2021 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कर्मचारी व शिक्षक एकत्र होकर धरना देंगे।
अधिकार मंच के अध्यक्ष डाॅ दिनेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि गत 4.5 वर्ष में सरकार द्वारा पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षामित्रों के स्थायीकरण, कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने आदि मामलों में समितियां गठित की गई परन्तु समितियों द्वारा कोई भी कार्य नहीं किया गया तथा परिणाम शून्य रहा, मंच के प्रधान महासचिव सुशील कुमार त्रिपाठी ने कहा कि कलेक्ट्रेट को विशिष्ट प्रतिष्ठा प्रदान करते हुए ग्रेड वेतन के उच्चीकरण का शासनादेश विभागाध्यक्ष की संस्तुति के बाद भी जारी नहीं किया गया, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों के कैशलेश इलाज की नियमावली बन जाने के बाद भी आज तक लागू नहीं की गई है। कर्मचारियों की उपलब्धियों को सरकार द्वारा छीना जा रहा है।
बैठक में मांग की गई पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान, सरकार द्वारा काटे गए भत्तो की बहाली, शिक्षकों की पदोन्नति एवं अंतरर्जनपदीय स्थानांतरण, शिक्षामित्रों का स्थायीकरण, वित्त बिहीन शिक्षकों के मानदेय की बहाली, पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों पर कर्मचारियों की पदोन्नति आदि सभी मांगों पर सरकार जब तक निर्णय नहीं ले लेती आंदोलन जारी रहेगा।
इस बैठक में सतीश कुमार पाण्डेय प्रदेश अध्यक्ष राज्य कर्मचारी महासंघ, राम राज दुबे प्रदेश अध्यक्ष चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, संजय सिंह महामंत्री उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिव बरन सिंह महामंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ,अरविंद कुमार वर्मा प्रान्तीय महामंत्री कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, सुशील कुमार बच्चा महामंत्री जवाहर भवन इन्दिरा भवन कर्मचारी महासंघ जी एन सिंह महासचिव उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ महासंघ, शिव शंकर पांडेय, सुधांशु मोहन आदि उपस्थित रहे।