नई दिल्ली। देशभर में मोदी का जलवा बरकरार है। एक सर्वे के मुताबिक गुजरात में बीजेपी फिर सरकार बनाएगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बीजेपी अपना परचम लहराएगी। गुजरात में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले इंडिया टुडे ग्रुप और ऐक्सिस माई इंडिया ने मिलकर एक सर्वे किया। सर्वे के मुताबिक गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। यह सर्वे गुजरात में 25 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच किया गया। ऑपिनियन पोल में कुल 18243 लोगों के सैंपल लिए गए।
सर्वे के मुताबिक 22 साल से राज्य की सत्ता पर काबिज बीजेपी को दो तिहाई बहुमत मिल सकता है। 182 सदस्यों वाली गुजरात विधानसभा में आज तक के इस सर्वे में बीजेपी को 115-125 सीटें दी गई हैं। दूसरे नंबर पर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस है। कांग्रेस को 57-65 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि चौंकाने वाली बात यह है कि हार्दिक पटेल समर्थित पार्टी को ऑपिनियन पोल में एक भी सीट मिलती नहीं नजर आ रही है। सर्वे के मुताबिक अन्य पार्टियों को 0-3 सीटें मिल सकती हैं।