रुद्रप्रयाग, 15 जून : उत्तराखंड के केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह एक दुखद हादसा हुआ, जब गौरीकुंड के जंगलों में आर्यन एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट सहित सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 23 महीने का शिशु भी शामिल है। हेलीकॉप्टर सुबह 5:17 बजे केदारनाथ हेलीपैड से छह श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम और घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की वजह से पायलट ने हार्ड लैंडिंग का प्रयास किया, जिससे हेलीकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया और यह दुर्घटना हो गई। घटना गौरीकुंड-सोनप्रयाग क्षेत्र में गौरी माई खर्क के पास जंगल में हुई। स्थानीय नेपाली महिलाओं ने, जो घास काटने गई थीं, हादसे की सूचना दी।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे हैं। दुर्गम इलाका होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं और हेलीकॉप्टर सेवाओं की समीक्षा के लिए सख्त नियम बनाए जाएंगे।
हादसे के बाद चारधाम यात्रा की हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। यह इस सीजन में केदारनाथ मार्ग पर तीसरा हेलीकॉप्टर हादसा है, जिसने हेली सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






