लखनऊ, 18 फरवरी, 2023: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संपन्न होने वाली गतिविधियों के सफल किर्यन्वयन में मीडिया सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राज्य टीबी (क्षय) सेल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश एवं ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज संस्था द्वारा अन्य सहयोगी संस्थाओं यथा- विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लूएचपी, सीएचआरआई, वर्ल्ड विज़न, सीफार के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आज लखनऊ में राज्य स्तरीय मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के टीबी (क्षय) उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश में सामुदायिक सहभागिता एवं अंतर-विभागीय समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है । उन्होंने यह भी कहा कि टीबी मरीजों को चिन्हित करके उन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है एवं उन्हें नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जा रहा है, साथ ही निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान सीधे उनके खाते में हर महीने पोषण सहायता के रूप में 500 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जाती है ।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की राज्यपाल द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेने वाली पहल के क्रम में हम सब सार्थकता से कार्य कर रहें हैं और पूरे प्रदेश के सभी जनपदों में टीबी मरीजों को गोद लिया जा रहा है और उन्हें आर्थिक, सामजिक और मानसिक सहायता प्रदान की जा रही है ताकि प्रदेश को टीबी जैसे गंभीर रोग से शीघ्र मुक्त किया जा सके । उन्होंने उपस्थित मीडिया सहयोगियों से अनुरोध किया कि वे मीडिया के माध्यम से टीबी मरीजों को गोद लेने के महत्व को जन-जन तक प्रसारित करें ताकि समुदाय में इसके प्रति जागरूकता बढ़े और प्रदेश से टीबी का शीघ्र उन्मूलन किया जा सके । इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विकसित किये गए वीडियो का भी अनावरण किया ।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सहयोगी संस्थाओं जैसे विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लूएचपी, सीएचआरआई, वर्ल्ड विज़न, सीफार, ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज एवं स्थानीय मीडिया सहयोगी उपस्थित थे ।







