हाथरस की निर्भया से दरिन्दगी पर आरक्षण समर्थकों में गुस्सा
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उप्र संयोजक मण्डल की आज हाथरस की निर्भया के साथ हुई दरिंदगी के मुद्दे पर एक आपात बैठक हुई, जिसमें आरक्षण समर्थकों ने समाज की बेटी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उसे भावभीनी श्रद्धांजलि दी। समिति ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस घटना से जहां आरक्षण समर्थकों में भारी गुस्सा है वहीं पूरे समाज में शोक की लहर है।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति संयोजक मण्डल ने यह संकल्प लिया है कि बाबा साहब पे बैक टू सोसाइटी के तहत दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिये हाथरस की बेटी के परिवार को विधिक पैरवी हेतु आर्थिक मदद की जायेगी। फिलहाल संयोजक मण्डल ने हाथरस की बेटी के परिवार को रू0 50 हजार आंषिक मदद देने का ऐलान किया है। बहुत जल्द ही संघर्ष समिति का प्रतिनिधि मण्डल समाज की बेटी के घर जाकर उसे आर्थिक मदद के साथ सांत्वना व्यक्त करेगा।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उप्र के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, डा रामषब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, श्यामलाल, अजय कुमार, एसपी सिंह, अन्जनी कुमार, महेन्द्र सिंह, लेखराम, एचपी कौशल, राम नरायन, राजेश पासवान ने उप्र सरकार से यह मांग की है कि हाथरस की बेटी के साथ दरिंदगी करने वालों को कठोरतम सजा दिलाने के लिये सरकार उचित कदम उठाते हुए पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक मदद भी प्रदान करे। जिस प्रकार से दरिन्दों ने इस घटना को अंजाम दिया है इससे पूरे प्रदेश के आरक्षण समर्थकों व दलित समाज में काफी आक्रोष है, उन्होंने मांग कि इस प्रकार की घटना भविष्य में न हो इसके लिये सरकार उचित कदम उठाये।







