- गठबंधन की आंधी में दरक गयी भाजपा की नींव: अखिलेश यादव
- बलिया में सपा प्रत्याशी सनातन पाण्डेय की संयुक्त रैली में बोलीं मायावती: भाजपा की नीतियां भी जातिवादी और आम आदमी विरोधी
नई दिल्ली, 15 मई 2019: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को बलिया में आयोजित चुनाव रैली में कहा कि पहले चरण से ही गठबंधन के प्रति जनता का समर्थन बढ़ रहा है। आजादी के 70 सालों में जिन्हें हक और सम्मान नहीं मिला, उनका बना यह गठबंधन देश की राजनीति में बदलाव लायेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन की चल रही आंधी में भाजपा की नींव दरक गई है।
बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा राज में सवर्ण समाज की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आरक्षण अब भी प्रभावहीन बना हुआ है। गठबंधन के दोनों नेताओं ने बलिया में सपा प्रत्याशी सनातन पाण्डेय के समर्थन में संयुक्त रैली की। बाद में अखिलेश ने सनातन के समर्थन में एक अन्य चुनावी सभा को भी सम्बोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पांच साल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को धोखा दिया और छल कर सरकार बनायी मगर इस चुनाव में गठबंधन की जो आंधी चल रही है, उसमें भाजपा की नींव दरक गई है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने अपने पांच साल के कार्यकाल में किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को ठगा। चायवाला बनकर सत्ता हासिल करने वाले अब चौकीदार के नाम पर धोखा देने आ गये हैं मगर जनता इन्हें समझ चुकी है और अब इनकी चौकी छीनने को तैयार है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों की गलत नीतियों के कारण ही देश में न तो गरीबी व बेरोजगारी दूर हुई और न ही किसान खुशहाल हुआ। उन्होंने कांग्रेस की तरह ही भाजपा की नीतियों को पूंजीवादी, साम्प्रदायिक, द्वेषपूर्ण, जातिवादी और आम आदमी विरोधी बताया।
मायावती ने केन्द्र में गठबंधन की सरकार बनने पर गरीब परिवारों को सरकारी और गैर सरकारी दोनों ही क्षेत्रों में स्थायी रोजगार देने की घोषणा की, साथ ही कहा कि सपा-बसपा व रालोद का यह गठबंधन मजबूत है और लम्बा चलेगा। सही मायने में यह गठबंधन सामाजिक परिवर्तन का है। इससे ही भाजपा घबरा गई है।