बीमा पाने के लिए किए तीन मर्डर -बेटे ने अपने मां–बाप और पत्नी को मार दिया। फ़िलहाल विशाल सिंघल और उसका सहयोगी सतीश गिरफ्तार हैं
हापुड़/मेरठ, 29 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लालच ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। मेरठ के गंगानगर निवासी फोटोग्राफर मुकेश सिंघल के बेटे विशाल कुमार ने बीमा राशि के लालच में अपनी मां प्रभा देवी, पिता मुकेश सिंघल और पत्नी की हत्या कर दी। इन हत्याओं को सड़क दुर्घटना दिखाकर विशाल ने विभिन्न बीमा कंपनियों से करोड़ों रुपये की ठगी की।
पुलिस जांच के अनुसार, 2017 में मां प्रभा देवी की संदिग्ध ‘एक्सीडेंट’ में मौत के बाद विशाल को 22 लाख रुपये मिले। एक साल पहले पत्नी की मौत पर 80 लाख रुपये का क्लेम हासिल किया। सबसे चौंकाने वाली साजिश 27 मार्च 2024 को पिता मुकेश की हत्या की, जिसके बाद विशाल ने निवा बूपा, आदित्य बिड़ला, बजाज एलियांज, HDFC एर्गो, मैक्स लाइफ, टाटा AIG जैसी कई कंपनियों से कुल 39 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम किया। मुकेश की सालाना आय मात्र 12-15 लाख थी, लेकिन बीमा कवरेज इतनी विशाल थी कि यह खुद शक पैदा कर गया।

बीमा कंपनी को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, अस्पताल रिकॉर्ड और दुर्घटना विवरण में विसंगतियां मिलीं। जैसे दुर्घटना का समय (दिन में बताया गया, लेकिन रिकॉर्ड में रात 8 बजे) और चोटों का मेल न खाना। कंपनी के प्रतिनिधि संजय कुमार की शिकायत पर हापुड़ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने विशाल कुमार और उसके दोस्त सतीश कुमार को मेरठ के मोदीनगर रोड से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हापुड़ के सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि यह हत्या, धोखाधड़ी और जालसाजी का गंभीर मामला है। एसपी कुंवर ज्ञानजय सिंह के निर्देश पर गहन जांच जारी है, जिसमें सभी पुराने क्लेमों की पड़ताल हो रही है। विशाल ने पहले ही 1 करोड़ से अधिक राशि हड़प ली थी। पुलिस को शक है कि साजिश में और लोग शामिल हो सकते हैं। यह घटना बीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने का संकेत दे रही है।






