जानकीपुरम व मोहनलालगंज में दो वारदात, पिता-पुत्र के रिश्ते हुए तार-तार
लखनऊ,28 जून 2019: लालच के आगे रिश्ते नाते, सवेंदनाएँ सब बेमानी हैं। इसी क्रम में राजधानी में पिता-पुत्र के रिश्तों को तार-तार करने वाले दो वारदातें हुई। जानकीपुरम के सेक्टर-3 में कलयुगी बेटे ने पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपित की सौतेली मां पर गलत नजर थी। पिता के रोड़ा बनने पर उसने सोते वक्त चाकू से वारकर हत्या कर दी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, मोहनलालगंज में शराबी बेटे ने पिता को डण्डे से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सौतेली मां के करीब आने की जिद में कर दी पिता की चाकू से गोदकर हत्या : खदरा निवासी ताज मोहम्मद (50) जानकीपुरम के सेक्टर-3 में झोपड़ी में पत्नी सत्तो व 11 बच्चों के साथ रहता था। मीडिया ख़बरों के अनुसार इंस्पेक्टर जानकीपुरम मोहम्मद अशरफ ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब दो बजे ताज मोहम्मद तख्त पर सो रहे थे। पास में आठ साल की छोटी बेटी नूरजहां सो रही थी। इसी बीच पहली पत्नी के बेटे शान मोहम्मद ने ताज पर चाकू से हमला कर दिया।
चींख-पुकार होने पर नूरजहां को लगा कि पिता नींद में चिल्ला रहे हैं लेकिन लगातार चींख सुनकर वह उठ गयी। देखा तो भाई शान पिता ताज पर चाकू से लगातार हमला करने के बाद गला दबा रहा है। नूरजहां के शोर मचाने पर घरवाले जागे तो आरोपित शान मोहम्मद वहां से भाग निकला। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में ताज मोहम्मद को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ताज के पेट व हाथ पर कई घाव के निशान थे। पड़ताल के बाद इंस्पेक्टर ने बताया कि ताज मोहम्मद की पहली पत्नी सायरा की करीब 16 साल पहले मौत हो गयी थी।
सायरा के छह बच्चे थे, जिनमें शान मोहम्मद सबसे छोटा है। सत्तो सायरा के पहले पति की बेटी है। सायरा की मौत के बाद ताज मोहम्मद ने सौतेली बेटी सायरा से वर्ष 2008 में शादी कर ली थी। इसके बाद वे काफी वक्त तक मुम्बई में रहे। सत्तो के पांच बच्चे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शान मोहम्मद के सौतेली मां सत्तो से अवैध संबंध हो गये थे। ताज ने कुछ दिन पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। विवाद बढ़ने पर मामला थाने भी पहुंचा था लेकिन वहां सत्तो ने आरोप से इंकार कर दिया था। इस पर पुलिस ने शान को हिदायत देकर छोड़ दिया था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सत्तो की तहरीर पर शान मोहम्मद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। सत्तो का आरोप है कि शान जबरन उसके करीब आने की कोशिश कर रहा था। पिता के करीब आने पर उसने उनकी हत्या कर दी। पुलिस शान की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पिता को पीट-पीटकर मार डाला :
कुराना गांव में बाबूलाल रावत (69) किसान थे। उनका इकलौता बेटा रामकिशुन उर्फ कालिया गांव के बाहर एक ईट भट्ठे पर मजदूरी करता है। रामकिशुन शराब पीने का आदी है। करीब दो हफ्तों पहले उसने नशे में पत्नी रेखा की पिटाई कर दी थी। इस पर वह मायके चले गयी थी।
मंगलवार शाम रामकिशुन शराब के नशे में घर आया और किसी बात पर नाराज होकर बड़े बेटे रामकरन को पीटने लगा।पोते को पिटता देख छप्पर के नीचे सो रहे बाबूलाल कुल्हाड़ी लेकर बीच-बचाव करने के लिए आए। बीच-बचाव के दौरान कुल्हाड़ी में लगी लकड़ी रामकिशुन के लग गयी। आंख के पास खून निकलने पर गुस्से में रामकिशुन ने डण्डे से पिता बाबूलाल पर हमला कर दिया। पिता को डण्डों से बेरहमी से पीट-पीटकर खून से लथपथ करने के बाद रामकिशुन मौके से भाग निकला।पोते रामकरन ने बाबा बाबूलाल को आनन-फानन में उपचार के लिए सिसेंडी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के जवाब देने पर वह सीएचसी लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख बाबूलाल को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। एम्बुलेंस की मदद से बाबूलाल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
रपए न होने के चलते पोता रामकरन बाबूलाल को डिस्चार्ज कराकर घर ले आया। देर रात करीब डेढ़ बजे बाबूलाल की मौत हो गयी। बुधवार सुबह सूचना मिलते ही सीओ मोहनलालगंज राजकुमार शुक्ला व इंस्पेक्टर जीडी शुक्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रामकरन की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या व गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित रामकिशुन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पिता को मरणासन्न करने के बाद रामकिशुन घर पर ही छिपा रहा। वह लोगों की बातचीत सुनकर पिता का हालचाल लेता रहा। सुबह जब पिता की मौत की खबर मिली तो वह भागने की फिराक में था।







