कांग्रेस ने जारी किया लोकसभा क्षेत्रों के लिए घोषणापत्र
लखनऊ, 14 अप्रैल 2019: लखनऊ के कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नरेन्द्र मोदी राम के नाम पर सत्ता में आये थे, लेकिन उन्होंने पांच सालों में भगवान राम की मर्यादा और आदर्श के विपरीत कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज जलियांवाला बाग नरसंहार की 100वीं वर्षगांठ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर उस स्थान पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गये, जहां आजादी के दीवानों का नरसंहार हुआ था, लेकिन मोदी ने वहां जाने की जहमत नहीं उठायी।
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में लोकसभा सीटों को ध्यान में रखते हुए वहां की समस्याओं के निराकरण को लेकर घोषणापत्र जारी किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के द्वारा इन घोषणापत्रों को जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से ब्रह्मांड के कुछ रहस्यों को कोई नहीं भेद पाया है, उसी तरह आज भारतवासी अपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शैक्षिक योग्यता के रहस्य को भी नहीं भेद पाये हैं। इसी प्रकार केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की शैक्षिक योग्यता के रहस्य और रोमांच का ज्ञान नहीं प्राप्त हो पाया है।

उन्होंने कहा कि बांदा में कई महीने से मानदेय न मिलने के कारण अनुदेशक के पद पर कार्यरत नवयुवक राजेश कुमार पटेल ने आत्महत्या कर ली है। केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार का कार्यकाल किसानों, बेरोजगारों, नौजवानों, शिक्षामित्रों आदि की आत्महत्या के लिये ‘‘काला अध्याय’ के रूप में जाना जाएगा।
इस अवसर पर श्री तिवारी के अलावा राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान, विधायक आराधना मिश्रा ‘‘मोना’, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, पूर्व एमएलसी हाजी सिराज मेंहदी, महासचिव व प्रवक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी वीरेन्द्र मदान, मीडिया कोआर्डिनेटर राजीव बख्शी एवं प्रवक्ता ओंकारनाथ सिंह मौजूद रहे।







