नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 7 मई को भारत के ऑपरेशन सिंदूर से मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। ताजा मामला पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल असीम मुनीर से जुड़ा है। उन्होंने हाल ही में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम चौकियों का दौरा किया। यह दौरा ऐसे वक्त हुआ, जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते सबसे बुरे दौर में पहुंच गए हैं।
भारत वर्सेज पाकिस्तान : मुंह की खाने के बाद भी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक असीम मुनीर ने शनिवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया और अपने सैनिकों से बातचीत की। सेना का कहना है कि बातचीत के दौरान मुनीर ने सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने उनकी तैयारियों और सतर्कता की सराहना भी की। हालांकि, भारत से करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी अपना दर्द छिपाने की हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। भारत की मिली करारी हार को छिपाने के लिए वे झूठी खबरें फैला रहे हैं और अपनी जीत का फर्जी दावा कर रहे हैं। इसका एक उदाहरण हाल ही में तब सामने आया था, जब मुनीर ने एक तस्वीर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को यह बताकर तोहफे में दी थी कि वह भारत के साथ जारी संघर्ष की है।
हालांकि, बाद में पता चला कि वह तस्वीर 2019 के चीन के एक सैन्य अभ्यास की है। अपने दौरे पर मुनीर ने बड़बोलापन भी दिखाया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने हाल ही में संघर्ष के दौरान भारत को करारा जवाब दिया। हालांकि, इस दौरान वह दुनियाभर में हुई पाकिस्तान की किरकिरी को लेकर चुप्पी साधे रहे। उनके इस दौरे को लेकर कई विशेषज्ञ कह रहे हैं कि आसिम मुनीर की हरकतों पर नजर बनाकर रखी जानी चाहिए। हमारे सशस्त्र बल और खुफिया एजेंसियां ऐसा कर भी रही होंगी। उनके उकसावे वाले भाषणों की वजह से ही अप्रैल में दोनों देशों के बीच हालात बिगड़े थे।
मुनीर ने कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान के फर्जी सैद्धांतिक रुख को फिर दोहराया। उन्होंने कश्मीरी लोगों के लिए समर्थन जारी रखने की बात भी कही। हालांकि, नई दिल्ली ने बार-बार कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख हमेशा से भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग रहे हैं और रहेंगे। संयुक्त राष्ट्र में भारत ने बार-बार पाकिस्तान के नापाक चेहरे को उजागर किया है और कश्मीर मुद्दे पर उसकी पोल खोली है।







