जावेद हबीब का ‘कटिंग’ स्कैम: हेयर स्टाइल से फाइनेंशियल फ्रॉड तक का सफर
संभल (उत्तर प्रदेश), 13 अक्टूबर 2025: बॉलीवुड सितारों के बाल संवारने वाले मशहूर हेयरस्टाइलिस्ट जावेद हबीब, जिनका नाम ’50 रुपए के कट के 5 हजार’ वाले हाई-एंड सैलून चेन से जुड़ा है, आजकल फाइनेंशियल फ्रॉड के आरोपों में फंसे हैं। दशकों से ग्लैमर की दुनिया में राज करने वाले इस ‘नाम और शोहरत’ वाले शख्स पर अब संभल पुलिस ने 32 FIR दर्ज कर ली हैं। आश्चर्यजनक बात ये कि जिन युवाओं को रोजगार देने की उम्मीद थी, वही अब सैकड़ों निवेशकों को ठगने का आरोपी बन गया है। पुलिस ने जावेद, उनके बेटे अनोस हबीब और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है, ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें।
कहानी शुरू होती है 2023 से, जब संभल के सरायाटीन इलाके में ‘फॉलिकल ग्लोबल कंपनी’ (FLC) नाम की एक फर्म ने रॉयल पैलेस वेंकट हॉल में एक भव्य सेमिनार आयोजित किया। जावेद हबीब खुद स्टेज पर चमके, लेकिन इस बार बाल कटने की नई ट्रिक्स सिखाने नहीं, बल्कि ‘बिटकॉइन और बिनेंस कॉइन’ में निवेश के जादुई वादों के साथ। ”

यह बोलकर करोड़ों का खेल कर गए हबीब
मैं 50 रुपए के बाल काटने के 5 हजार लेता हूं। विदेशों में ब्रांच खोल रहा हूं। मेरी कंपनी में पैसा इन्वेस्ट कीजिए, 3 गुना वापस करूंगा!” ऐसा कहकर उन्होंने सैकड़ों लोगों को ललचाया। हर निवेशक ने 5-7 लाख रुपए कैश में झोंक दिए, वादा था 50-70% सालाना रिटर्न का। लेकिन दो साल बाद? न पैसा लौटा, न संपर्क। कंपनी के ऑफिस बंद, और परिवार गायब!
पुलिस के मुताबिक, ये फ्रॉड 5-7 करोड़ का है, जिसमें 400 से ज्यादा लोग फंस गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संभल एसपी केके बिश्नोई ने बताया, “ये एक ऑर्गनाइज्ड गैंग की तरह ऑपरेट हो रहा था। जावेद की पत्नी FLC की फाउंडर हैं, और बेटा अनोस भी इसमें शामिल। हम दिल्ली-मुंबई में उनके प्रॉपर्टी की जांच कर रहे हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो सकती है।” एक पीड़ित, 22 साल के एसी मैकेनिक मोहम्मद हिलाल ने कहा, “हबीब साहब ने खुद कहा था कि ये 8-10 कंपनियों में निवेश है। मैंने 4.59 लाख लगाए, अब धमकियां मिल रही हैं।”
जावेद के वकील पवन कुमार इन आरोपों को सिरे से नकारते हैं। “जावेद के नाम पर कोई FIR नहीं है! वो सिर्फ सेमिनार में चीफ गेस्ट थे, फाइनेंशियल इन्वॉल्वमेंट नहीं। हम कोर्ट में सब साबित करेंगे।” लेकिन पीड़ितों का गुस्सा ठंडा नहीं पड़ रहा। एक महिला निवेशक बोलीं, “जिन्हें हम हीरो मानते थे, वो विलेन निकले। युवाओं को नौकरी दो, फ्रॉड मत करो!”
अब सवाल ये कि क्या जावेद हबीब का ‘हेयर इम्पायर’ फाइनेंशियल रुइन में बदल जाएगा? पुलिस की तलाशी और पूछताछ जारी है। बता दें कि ये केस न सिर्फ फ्रॉड का, बल्कि सेलिब्रिटी कल्चर और आसान कमाई के लालच का आईना भी है।






