चेन्नई । तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद खाली हुई आरके नगर विधानसभा सीट पर आगामी 21 दिसंबर को उपचुनाव होने वाला है। इस सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला कर अभिनेता विशाल ने कहा है कि उनकी कोई बड़ी राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है। वह जनता के नेता और उसकी आवाज बनना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लंबी राजनीतिक पारी खेलने की उनकी कोई योजना नहीं है। विशाल का कहना है कि वह पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से प्रभावित होकर राजनीति में आ रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं कभी केजरीवाल से मिला नहीं हूं, लेकिन वह जनता के नेता हैं। मैं हमेशा एक आम आदमी रहना चाहता हूं। बता दें कि विशाल ने शनिवार को चुनाव लड़ने की घोषणा करके सबको चौंका दिया था। इस सीट पर सत्तारूढ़ एआईएडीएमके के ई. मधुसूदनन और पार्टी से दरकिनार किए गए टीटीवी दिनाकरण चुनाव लड़ रहे हैं। डीएमके भी चुनाव में उतरेगी, पर अभी उसका उम्मीदवार तय नहीं हुआ है। विशाल के मैदान में आने के बाद अब यहां का मुकाबला रोचक हो गया है। उनको फिल्म इंडस्ट्री से भी समर्थन मिल रहा है। प्रकाश राज, खुशबू और आर्या जैसे सितारों ने उन्हें समर्थन दिया है। कमल हासन भी उनका समर्थन कर सकते हैं।
Keep Reading
Add A Comment







