नई दिल्ली 31 दिसम्बर। पिछले दिनों डोकलाम में भारत व चीन के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी। इसके बाद नाथूला के रास्ते होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा को चीन ने रोक दिया था। अब विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने राज्यसभा में बताया है कि इस यात्रा को बहाल करने के लिए सरकार की तरफ से प्रयास जारी हैं। सरकार कैलाश मानसरोवर के मुद्दे पर चीन के साथ संपर्क बनाए हुए है।
बता दें कि भारत और चीन की सेनाएं दो महीने से ज्यादा समय तक डोकलाम में आमने-सामने रही थीं। इसके बाद नाथूला के रास्ते इस साल यात्रा नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि नाथूला मार्ग से सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर चीन सरकार ने प्रतिकूल परिस्थितियों का हवाला दिया था। इसके चलते साल 2017 में नाथूला मार्ग के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा नहीं की गई थी।
अब भारत सरकार इस मामले पर चीन सरकार के साथ संपर्क में है। गौरतलब है कि डोकलाम गतिरोध 16 जून को शुरू हुआ था, जब भारतीय सैनिकों ने भूटान के दावे वाले क्षेत्र में चीनी सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था बाद में 28 अगस्त को यह गतिरोध समाप्त हो गया था।







