Post Views: 565
नई दिल्ली, 26 फरवरी। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि भारतीय टीम का आक्रामक प्रदर्शन आगामी इंग्लैंड और आस्ट्रेलियाई दौरों पर भी जारी रहेगा। भारत ने दक्षिण अफ्रीका में एकदिवसीय और टी20 सीरीज जीती और इसमें सबसे अहम भूमिका गेंदबाजों की रही हालांकि भारतीय टीम को टेस्ट सरीज में हार का सामना करना पड़ा पर तब भी गेंदबाजों ने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन किया था। भूवी के नाम से लोकप्रिय इस गेंदबाज ने कहा कि हम दो ट्राफी के साथ ही खुश हैं और उम्मीद करते हैं कि अगली बार हमें सभी में जीत मिलेगी।’’
हमने दो मैच गंवाए पर वे काफी करीबी थे:
उन्होंने कहा, ‘‘यह दौरा शानदार रहा, विशेषकर टेस्ट श्रृंखला। हां, हमने दो मैच गंवाए पर वे काफी करीबी थे। हम 0-3 से भी हार सकते थे और 2-1 से भी जीत सकते थे लेकिन हम जिस तरीके से खेले उसने हमें आत्मविश्वास दिया और हम इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के दौरों पर जाने और वहां बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।’’ भुवनेश्वर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में सफलता के लिए विविधता और टाइमिंग महत्वपूर्ण हैं।
अगर आप ओवर में तीन खराब गेंद फेंकोगे तो:
विभिन्न प्रारूपों में अंतर बताते हुए भुवनेश्वर ने टी20 के संदर्भ में कहा, ‘‘टी20 ऐसा प्रारूप है तो तेजी से खत्म हो जाता है और आपके पास सिर्फ चार ओवर होते हैं। अगर आप ओवर में तीन खराब गेंद फेंकोगे तो इन पर रन बनेंगे और आपका पूरा विश्लेषण बिगड़ जाएगा। इन तीन गेंद के कारण टीम बैकफुट पर आ जाएगी। इसलिए प्रत्येक गेंद महत्वपूर्ण है। इसके कारण गेंदबाज को सोचना पड़ता है। प्रत्येक गेंद सही होनी चाहिए और आपको योजना को सही तरीके से लागू करना होता है।’’ वहीं टेस्ट मैचों में आपको एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय या टी20 क्रिकेट की तुलना में कुछ अलग नहीं करना होता लेकिन यह लाइन और लेंथ का खेल है। एकदिवसीय क्रिकेट में आप यार्कर और धीमी गेंद करने की कोशिश करते हैं। प्रारूपों के बीच के सामंजस्य बैठाना कभी आसान नहीं होता लेकिन यह अभ्यास और तैयारी से जुड़ा है।